फेडरर फिर उतरेंगे US ओपन के कोर्ट पर, रॉडिक-अगासी-मैकेनरो भी होंगे साथ
2022 में टेनिस को कहा था अलविदा; आज आर्थर ऐश स्टेडियम में होगा दिग्गजों का एग्जिबिशन मुकाबला
न्यूयॉर्क (ए)। टेनिस प्रशंसकों को मंगलवार को एक बार फिर रोजर फेडरर को US ओपन के ऐतिहासिक आर्थर ऐश स्टेडियम में खेलते देखने का मौका मिलेगा। करीब सात साल बाद फेडरर न्यूयॉर्क के इस कोर्ट पर वापसी कर रहे हैं। हालांकि यह मुकाबला आधिकारिक टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होगा। फेडरर पहले एंडी रॉडिक के खिलाफ सिंगल्स खेलेंगे और फिर जॉन मैकेनरो के साथ डबल्स मुकाबले में उतरेंगे। डबल्स में उनकी टक्कर रॉडिक और आंद्रे अगासी की जोड़ी से होगी।
US ओपन से रहा है खास नाता
फेडरर ने 2004 से 2008 तक लगातार पांच साल US ओपन का खिताब जीता था। यह रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है। 2019 में उन्होंने इस टूर्नामेंट का आखिरी मुकाबला खेला था, जिसमें क्वार्टर फाइनल में ग्रिगोर दिमित्रोव से हार गए थे।
फैंस को विदाई देने का मौका
फेडरर के लिए यह मुकाबला सिर्फ प्रदर्शनी मैच नहीं है। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क लौटना उनके लिए भावुक पल है। वह इस मैच के जरिए US ओपन के प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं। हालांकि लंबे समय बाद कोर्ट पर उतरने को लेकर उन्होंने खुद को थोड़ा नर्वस भी बताया।
वापसी की अटकलों पर लगाया विराम
फेडरर ने US ओपन के मुख्य ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड के जरिए खेलने की संभावना से इनकार कर दिया है। 2022 में संन्यास लेने के बाद वह प्रोफेशनल टेनिस में वापसी नहीं करना चाहते। उनका कहना है कि शरीर अब उस स्तर के खेल के लिए तैयार नहीं है।
शनिवार को मिलेगा बड़ा सम्मान
फेडरर को शनिवार को इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा। वहीं US ओपन का पुरुष और महिला सिंगल्स मुख्य ड्रॉ रविवार से शुरू होगा। ऐसे में टूर्नामेंट से पहले फेडरर की कोर्ट पर वापसी प्रशंसकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है।
suntimes 