बोरसीभाठा में मकान तोड़ने की कार्रवाई पर गरमाई सियासत, प्रभावित परिवारों से मिले अरुण वोरा

कांग्रेस नेता ने प्रशासन से मांगा जवाब, बरसात में बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास की उठाई मांग

बोरसीभाठा में मकान तोड़ने की कार्रवाई पर गरमाई सियासत, प्रभावित परिवारों से मिले अरुण वोरा

दुर्ग के बोरसीभाठा वार्ड क्रमांक 50 में प्रशासन द्वारा की गई मकान तोड़ने की कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने हालात का जायजा लिया और प्रशासन से तत्काल पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने बरसात के मौसम में की गई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं के विपरीत बताया।

दुर्ग शहर के बोरसीभाठा वार्ड क्रमांक 50 में प्रशासन की कार्रवाई के तहत चार मकानों को ध्वस्त किए जाने के बाद स्थानीय रहवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि देर रात भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा प्रभावित परिवारों से मिलने मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवारों की समस्याएं सुनीं और कार्रवाई से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। पीड़ितों से चर्चा के बाद उन्होंने कलेक्टर से दूरभाष पर संपर्क कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। साथ ही प्रशासन से आग्रह किया कि प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक आवास और पुनर्वास की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।

अरुण वोरा ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई में मानवीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि किसी कारणवश मकान हटाना आवश्यक था, तो पहले संबंधित परिवारों को पर्याप्त नोटिस, समय और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी। उन्होंने सवाल उठाया कि बरसात के मौसम में बेघर हुए परिवारों के रहने और सुरक्षा की क्या व्यवस्था की गई है।

प्रभावित रहवासियों का दावा है कि उनके पास भूमि और पट्टे से संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं तथा वे वर्षों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। उनका कहना है कि भिलाई इस्पात संयंत्र के निर्माण के दौरान विस्थापन के बाद उन्हें यहां बसाया गया था। लोगों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान उन्हें अपना सामान सुरक्षित निकालने का पर्याप्त अवसर भी नहीं मिला।

मौके पर मौजूद पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान पूर्व पार्षद ज्ञानदास बंजारे, ब्लॉक अध्यक्ष गुरदीप सिंह भाटिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाली, प्रदेश महामंत्री खेल विभाग रमेश (पप्पू) श्रीवास्तव, शरीफ खान तथा प्रदेश सचिव (अनुसूचित जाति विभाग) सुधीर चंदेल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।