कुम्हारी पुल पर चलती ट्रेलर में आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

कुम्हारी पुल पर चलती ट्रेलर में आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

खारुन नदी के कुम्हारी पुल पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चलते कोयला लोड ट्रक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। धू-धू कर जलते ट्रक से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और करीब डेढ़ घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा। सूचना मिलते ही दुर्ग की अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए एक गाड़ी पानी से आग पर काबू पाया।

घटना सुबह करीब सवा 10 बजे की बताई जा रही है। ट्रेलर (क्रमांक CG10 BH 9459) रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहा था, तभी कुम्हारी टोल से पहले खारुन नदी पुल पर अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते ट्रक में आग भड़क उठी। ट्रेलर कोयले से भरा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई।

सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं अग्निशमन आपातकालीन सेवा दुर्ग के प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दल प्रभारी घनश्याम यादव के नेतृत्व में फायर कर्मी रामनाथ कुर्रे, टिकेंद्र साहू, संतोष साहू और जितेंद्र वर्मा ने मिलकर आग पर काबू पाया।

ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि कोयले का एक बड़ा हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हादसे के दौरान रायपुर-दुर्ग हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत की। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।