भिलाई में 12वीं के छात्र ने गोदाम में लगाई फांसी

सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग और पैसों के लेन-देन का जिक्र, सुबह मां ने देखा तो फंदे पर लटका था बेटा

दुर्ग/भिलाई। सेक्टर-5 में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। महज 17 साल के नाबालिग छात्र एस. भार्गव ने अपने ही घर के पास बने टेंट गोदाम में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक कक्षा 12वीं का छात्र था। पिता टेंट व्यवसाय करते हैं और गोदाम में टेंट का सामान रखा हुआ था। यहीं छात्र ने अपनी जिंदगी का अंत कर लिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें प्रेम प्रसंग और पैसों के लेन-देन का जिक्र है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

ऐसे हुआ हादसा
बुधवार रात पड़ोसियों ने गणेश पंडाल में खेलने बुलाया, लेकिन भार्गव ने मना कर दिया। बारात में खाना खाने के बाद देर तक गोदाम में ही बैठा रहा। मां से कहा कि दरवाजा खुला छोड़ देना, वह बाद में अंदर सोने आएगा। सुबह जब मां पूजा के लिए उठीं और गोदाम में झांका तो बेटे को फंदे पर झूलता देख सन्न रह गईं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है, आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजन सदमे में हैं।