दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: 70 लाख के 303 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए जा रहे फोन

CIR पोर्टल की मदद से विशेष टीम ने ढूंढ निकाले मोबाइल; दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव समेत छह जिलों में चली थी सर्च ऑपरेशन

 जिले में लगातार दर्ज हो रही गुम मोबाइल की शिकायतों पर पुलिस की विशेष टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) दुर्ग की अगुवाई में गठित टीम ने अलग-अलग इलाकों से 303 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

दुर्ग। जिले के विभिन्न थानों में बड़ी संख्या में गुम मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज हो रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुम मोबाइल का डाटा CIR (सेंट्रल इक्यूपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल से प्राप्त कर अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों और तकनीकी खोजबीन के बाद दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर क्षेत्रों से कुल 303 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की कुल कीमत लगभग 70 लाख रुपये है।

बरामद मोबाइलों को विधिवत रूप से उनके मालिकों को सौंपा जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि जिन लोगों ने मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वे ACCU कार्यालय सेक्टर-3, भिलाई से अपना मोबाइल प्राप्त कर सकते हैं।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कामयाबी में विशेष टीम और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की भूमिका अहम रही। टीम में आरक्षक मोहम्मद फारुख खान (धमधा), वसीम खान (जेवरा सिरसा), नारायण ठाकुर (नेवई), जीत यादव (आर जांमगांव), विश्वजीत सिंह (भिलाई भट्ठी) और भागवत प्रसाद (छावनी) ने उल्लेखनीय योगदान दिया।