मरीन ड्राइव से लौटते समय दर्दनाक हादसा, फ्लाईओवर से गिरी BMW

करीब 75 फीट नीचे गिरने से कार के परखच्चे उड़े, 17 से 23 साल के चार छात्रों में तीन की मौत और एक अस्पताल में भर्ती

मरीन ड्राइव से लौटते समय दर्दनाक हादसा, फ्लाईओवर से गिरी BMW

मुंबई (ए)। रविवार की सुबह मुंबई के कोस्टल रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की जान चली गई। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही BMW अचानक नियंत्रण से बाहर हुई और डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। कार में सवार चार युवकों में से तीन की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

सुबह-सुबह हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना सुबह करीब 5:20 बजे हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि BMW काफी तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन को संभाल नहीं सका। कार डिवाइडर से टकराई और फ्लाईओवर की ऊंचाई से नीचे जा गिरी। हादसे की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज जांच का हिस्सा बनाए गए हैं।

मृतकों की उम्र 17 से 21 साल

मृतकों की पहचान शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है। हादसे में घायल आदित्य ओसवाल (23) का नायर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार चारों छात्र थे। शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ते थे। शनाय मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला था और पढ़ाई के सिलसिले में मुंबई में पीजी में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक हादसे में क्षतिग्रस्त BMW परिवार की बताई जा रही है।

जांच के लिए जुटाए गए नमूने

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। कार को बाहर निकालने के साथ ही फोरेंसिक टीम ने वाहन की जांच की और कई नमूने एकत्र किए। पुलिस दुर्घटना की वजह और घटनाक्रम को लेकर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

10.58 किमी लंबा है कोस्टल रोड

मुंबई का कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा मार्ग है। यह दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव क्षेत्र को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। हाई-स्पीड कॉरिडोर होने के कारण इस मार्ग पर वाहन अपेक्षाकृत तेज गति से चलते हैं। हादसे के बाद पुलिस ने वाहन की रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने की परिस्थितियों को जांच में शामिल किया है।