युवक से मारपीट कर बाइक ले भागे बदमाश, तीन गिरफ्तार

रायपुरा के हटकेश्वरनाथ मंदिर के पास पुरानी दुश्मनी में वारदात; युवक को घेरकर पीटा, जान से मारने की धमकी भी दी

युवक से मारपीट कर बाइक ले भागे बदमाश, तीन गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के डीडीनगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते युवक से मारपीट कर बाइक लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने तड़के मंदिर जाने के दौरान युवक को रास्ते में घेर लिया। विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक लेकर फरार हो गए। मामले में कार्रवाई करते हुए डीडीनगर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

सुबह चार बजे मंदिर के पास हुई वारदात

बलराम साहू (38) के मुताबिक वह 19 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे मोटरसाइकिल से रायपुरा स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर जा रहा था। मंदिर के गेट के पास बाइक खड़ी करने के बाद वह लौट रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसे रोक लिया।

पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद

आरोपियों ने बलराम के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसे घेरकर हाथ-मुक्कों से पीटा गया। मारपीट में उसकी नाक और दाहिने पैर में चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी मोटरसाइकिल छीनकर मौके से निकल गए।

जांच में सामने आए तीन नाम

घटना की शिकायत 23 अगस्त को डीडीनगर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीसीयू के साथ संयुक्त जांच शुरू की। जांच में मिले सुरागों के आधार पर राज मिश्रा, यश मिश्रा उर्फ रोहन मिश्रा और अभिषेक पटेल उर्फ सोनू को पकड़ा गया।

वाहन जब्त, एक आरोपी की तलाश

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो बाइक और एक स्कूटी जब्त की है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी का पता लगाने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।