यूट्यूबर्स की मुश्किलें बढ़ीं, ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में दूसरी FIR दर्ज

महिला ने वीडियो हटाने के नाम पर रकम मांगने का लगाया आरोप, पहले से वायरल चैट विवाद मामले में जेल में बंद हैं दोनों आरोपी

यूट्यूबर्स की मुश्किलें बढ़ीं, ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में दूसरी FIR दर्ज

दुर्ग जिले में पहले से चर्चित सोशल मीडिया विवाद में घिरे दो यूट्यूबर्स की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। महिला की शिकायत पर दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, उगाही और धमकी देने के आरोप में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर विवाद एक बार फिर कानूनी दायरे में पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट मामले में जेल में बंद यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ अब एक नया मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता नेहा मिश्रा, जो पिछले पांच वर्षों से ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन कर रही हैं, ने आरोप लगाया है कि कुछ समय पहले दोनों आरोपी आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत और घटनाक्रम को कथित तौर पर तोड़-मरोड़कर वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

महिला का आरोप है कि वीडियो हटाने के बदले पहले 50 हजार रुपए की मांग की गई। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी से 35 हजार रुपए दिए, जिसके बाद वीडियो हटा दिया गया। हालांकि बाद में फिर से 2 लाख रुपए की मांग करते हुए कथित तौर पर नई वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि रकम नहीं मिलने के बाद आरोपियों ने तीन से अधिक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और पेशेवर गतिविधियों पर भी असर पड़ा।

पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी दोनों यूट्यूबर्स एक अन्य मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित इंस्टाग्राम चैट और उससे जुड़े कंटेंट से संबंधित है।