राजिम में भव्यता से मनाया जाएगा भगवान दत्तात्रेय का प्राकट्य महोत्सव
गोस्वामी समाज की बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय, पूजन-अभिषेक, शोभायात्रा, भंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवक-युवती परिचय सम्मेलन होंगे
राजिम। छत्तीसगढ़ की पावन धर्मनगरी राजिम में भगवान श्री दत्तात्रेय के प्राकट्य महोत्सव को भव्य एवं गरिमामय स्वरूप देने के लिए छत्तीसगढ़ सनातन दशनाम गोस्वामी समाज की बैठक आयोजित की गई। समाज के सामुदायिक भवन दत्तात्रेय परिसर में हुई बैठक में प्रदेशभर से स्वजातीय बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समाज के मार्गदर्शक विष्णु गिरी एवं रामकुमार गोस्वामी, प्रदेश संरक्षक उमेश भारती, प्रांताध्यक्ष काशी पुरी कुंदन, प्रदेश महासचिव उमेश गिरी, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पुरी, प्रदेश संगठन सचिव पोखराज बन, भूपेंद्र पुरी गोस्वामी, प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार कामेश्वर पुरी, कार्यकारिणी सदस्य मनोहर गिरी, संजय पुरी, रोहित गोस्वामी, गरियाबंद जिलाध्यक्ष उमेश गिरी, रायपुर के बद्री पुरी गोसाई तथा गरियाबंद जिला सचिव कमलेश पुरी सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में महोत्सव की शुरुआत भगवान श्री दत्तात्रेय के विधिवत पूजन एवं अभिषेक के साथ करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद सत्यनारायण कथा, भगवा ध्वज एवं बैंड-बाजे के साथ भगवान दत्तात्रेय की भव्य शोभायात्रा निकालकर नगर भ्रमण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए भोग-भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।
महोत्सव के दौरान मंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। भगवान दत्तात्रेय के जीवन, आध्यात्मिक संदेश एवं धार्मिक महत्ता पर वक्ताओं के विचार रखे जाएंगे। साथ ही विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए सामाजिक परिचय सम्मेलन आयोजित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के प्रतिभावान लोगों को सम्मानित करने की योजना बनाई गई है। भगवान दत्तात्रेय से संबंधित ज्ञानवर्धक प्रतियोगिता भी आयोजन का हिस्सा रहेगी।
समाज के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक जिले में बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक स्वजातीय बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। प्रदेश संरक्षक उमेश भारती ने राजिम में होने वाले महोत्सव में प्रदेशभर के समाजजनों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। जिलाध्यक्षों को भी आयोजन की व्यापक तैयारी कर समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सामाजिक एकजुटता, संगठन की मजबूती एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ आदर्श विवाह को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि सामूहिक एवं आदर्श विवाह की परंपरा को बढ़ावा देने से अनावश्यक खर्चों पर अंकुश लगेगा और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित होगा। समाजजनों ने भगवान दत्तात्रेय के प्राकट्य महोत्सव को धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं एकता का प्रतीक बनाते हुए ऐतिहासिक आयोजन करने का संकल्प लिया।
suntimes 