शराब घोटाला जांच में ED का बड़ा एक्शन, रायपुर-धमतरी-दुर्ग में छापे

कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के दो ठिकानों समेत कई परिसरों में पहुंची टीम; अनूप अग्रवाल और रिद्धि-सिद्धि बिल्डर्स के पार्टनरों के घर भी जांच

शराब घोटाला जांच में ED का बड़ा एक्शन, रायपुर-धमतरी-दुर्ग में छापे

धमतरी। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले की जांच के बीच ED ने बुधवार को कई शहरों में एक साथ कार्रवाई की। सुबह-सुबह शुरू हुए इस अभियान के तहत रायपुर, धमतरी और दुर्ग-भिलाई में संबंधित लोगों के आवास और परिसरों को जांच के दायरे में लिया गया। ED के अधिकारी दस्तावेजों, लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की पड़ताल कर रहे हैं।

रायपुर के अनुपम नगर स्थित कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की टीम ने जांच शुरू की। धमतरी के सिहावा रोड स्थित उनके आवास पर भी अधिकारियों ने दबिश दी। रामगोपाल अग्रवाल पर शराब घोटाले के अलावा कोल और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में भी आरोप हैं। बताया गया है कि आठ दिन पहले ही ED ने उन्हें गिरफ्तार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया था।

करीबी कारोबारी के आवास पर भी कार्रवाई

ED ने रायपुर के रवि नगर स्थित कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर भी जांच की। अनूप अग्रवाल को रामगोपाल अग्रवाल का करीबी बताया जाता है। टीम ने घर में उपलब्ध दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले।

दुर्ग में सुबह-सुबह पहुंची टीम

दुर्ग में रिद्धि-सिद्धि बिल्डर्स के पार्टनर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के आवास पर भी ED ने दबिश दी। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच पहुंची टीम में करीब पांच अधिकारी शामिल बताए गए हैं। यहां भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दुर्ग स्थित दोनों परिसरों में ED की कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी है या किसी अन्य प्रकरण से। एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद कार्रवाई की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।