साई मंदिर समिति की पहली साधारण सभा आज
स्वर्ण जयंती वर्ष के कार्यक्रमों और दिसंबर के साई महोत्सव की तैयारियों पर होगा मंथन
दुर्ग। सार्वजनिक श्री साई महोत्सव समिति, सिविल लाइन कसारीडीह की नवगठित कार्यकारिणी की सत्र 2026-30 के लिए पहली साधारण सभा 20 सितंबर, रविवार को दोपहर 12 बजे श्री साई बाबा मंदिर परिसर में आयोजित होगी। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के गठन के बाद होने वाली इस बैठक में मंदिर के आगामी विकास और आयोजनों को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
समिति के अध्यक्ष धनेंद्र कांत चंदेल और सचिव धीरेंद्र शर्मा ने बताया कि बैठक में नई कार्यकारिणी के सदस्यों का परिचय कराया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर में हाल ही में कराए गए आवश्यक संधारण कार्यों की जानकारी दी जाएगी और प्रस्तावित अन्य कार्यों पर सदस्यों से चर्चा की जाएगी।
मंदिर के 50वें स्थापना दिवस के अवसर पर मनाए जा रहे स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाले वार्षिक श्री साई महोत्सव की तैयारियां भी बैठक का प्रमुख विषय रहेंगी। महोत्सव के आयोजन, कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में समिति के पूर्व कोषाध्यक्ष द्वारा वर्ष 2025-26 का आय-व्यय का अंकेक्षित पत्रक भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य प्रस्तावों और महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
अध्यक्ष और सचिव ने समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव और प्रस्ताव रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सदस्यों के सुझाव मंदिर की आगामी कार्ययोजना और विकास कार्यों को बेहतर दिशा देने में उपयोगी होंगे।
suntimes 