2 दिन शीतलहर का अलर्ट, कंपाने वाली पड़ेगी ठंड:सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन

छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। रायपुर समेत कई जिलों में सुबह और रात में ठंड बढ़ने लगी है। पिछले 4 से 5 दिनों में 3-4 डिग्री पारा गिरा है। इससे फिर ठंड बढ़ गई है। यह गिरावट आने वाले 2-3 दिन तक बरकरार रहेगी, क्योंकि उत्तर भारत यानी जम्मू-कश्मीर में अच्छी बर्फबारी हो रही है।
प्रदेश में बुधवार को बलरामपुर जिला सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ में कोहरा छाया रहेगा। यहां दो दिन शीतलहर चल सकती है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक 4 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) आ रहा है। इसके चलते एक बार फिर से तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है। इसके गुजरने के बाद मौसम साफ होगा। 7 जनवरी से दोबारा पारा गिरना शुरू होगा। प्रदेश में 12 फरवरी तक सर्दी का मौसम रहता है। यानी अगले 42 दिनों तक पारा चढ़ता-उतरता रहेगा।