200 नर्सिंग छात्रों ने सीखी प्रभावी संवाद और पब्लिक स्पीकिंग की कला
विजय ट्रांसमिशन की सीएसआर पहल के तहत स्पीकयात्रा ने आयोजित की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला
दुर्ग। शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, दुर्ग में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और संचार कौशल को मजबूत करने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। विजय ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत स्पीकयात्रा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कॉलेज के करीब 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को सार्वजनिक वक्तृत्व कला, मंच पर आत्मविश्वास, साक्षात्कार और प्रस्तुति कौशल सहित आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन स्पीकयात्रा के संस्थापक एवं प्रशिक्षक मानव गुप्ता ने किया। प्रमाणित सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षक गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रभावी संचार के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी पेशेवर क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान के साथ संवाद करने की क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंच के डर को दूर करने के बताए तरीके
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को पब्लिक स्पीकिंग और मंच पर होने वाली झिझक को दूर करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। इसके साथ ही इंटरव्यू के दौरान स्वयं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने, सवालों का आत्मविश्वास से जवाब देने तथा प्रभावी प्रेजेंटेशन तैयार करने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों को अभ्यास के माध्यम से अपनी कम्युनिकेशन स्किल्स विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
एआई के व्यावहारिक उपयोग की दी जानकारी
कार्यशाला में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नई तकनीक का उपयोग अध्ययन, सामग्री तैयार करने और प्रेजेंटेशन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किस तरह किया जा सकता है। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलते कार्यक्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना भी रहा।
नर्सिंग क्षेत्र में संवाद कौशल को बताया जरूरी
प्रशिक्षक मानव गुप्ता ने कहा कि नर्सिंग जैसे सेवा आधारित क्षेत्र में मरीजों और उनके परिजनों के साथ प्रभावी संवाद बेहद महत्वपूर्ण है। आत्मविश्वास से बात करने और परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को प्रस्तुत करने की क्षमता विद्यार्थियों के व्यावसायिक जीवन में उपयोगी साबित होगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रमा राजेश ने इस पहल का स्वागत करते हुए आयोजन के लिए विजय ट्रांसमिशन और स्पीकयात्रा का आभार जताया। कार्यक्रम के समन्वय में प्रदर्शक सुशीला भारती एवं इवेंजलिन ग्वाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संचार क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित कर उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा।
suntimes 