"ऑपरेशन सुरक्षा" के तहत महिला वाहन चालकों पर सख्ती, 89 पर हुई कार्रवाई

बिना हेलमेट और तीन सवारी जैसे नियम उल्लंघन पर दुर्ग यातायात पुलिस की विशेष मुहिम, महिला पुलिस अधिकारियों ने संभाली कमान।

"ऑपरेशन सुरक्षा" के तहत महिला वाहन चालकों पर सख्ती, 89 पर हुई कार्रवाई

दुर्ग की सड़कों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "ऑपरेशन सुरक्षा" अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग ने महिला दोपहिया चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस विशेष मुहिम में नियमों की अनदेखी करने वाली 89 महिला चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

दुर्ग। दुर्ग यातायात पुलिस ने  दुर्ग-भिलाई के प्रमुख स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने दोपहिया वाहन चलाने वाली महिलाओं द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्यवाही की।

इस विशेष कार्रवाई में उन महिला चालकों को रोका गया जो बिना हेलमेट वाहन चला रही थीं, चेहरे पर स्कार्फ बाँधकर नियमों से बचने का प्रयास कर रही थीं या दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चल रही थीं। इस अभियान में 53 मामलों में बिना हेलमेट और 36 मामलों में तीन सवारी पाए जाने पर कुल 89 महिला चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस का यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है। "ऑपरेशन सुरक्षा" के तहत जिले की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़कों की इंजीनियरिंग संबंधी त्रुटियों को सुधारा जा रहा है, प्रमुख चौराहों और सड़कों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है और आम नागरिकों में नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस का यह स्पष्ट संदेश है कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और नियम तोड़ने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।