80वें महा-अधिवेशन के लिए समाज ने मुख्यमंत्री से भेंट कर सौंपा आमंत्रण
महानदी भवन में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य मुलाकात, 21-22 फरवरी को चांपा (सैंहा) में होगा आयोजन
राजधानी रायपुर स्थित महानदी भवन में आज छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट कर आगामी 80वें महा-अधिवेशन में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी साझा की।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज महानदी भवन में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 21 एवं 22 फरवरी 2026 को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम चांपा (सैंहा) में आयोजित होने जा रहे 80वें छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज महा-अधिवेशन के लिए मुख्यमंत्री को ससम्मान आमंत्रित किया।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि महा-अधिवेशन में प्रदेशभर से समाजजन जुटेंगे, जहां सामाजिक एकजुटता, संगठन विस्तार और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा। आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने महा-अधिवेशन के सफल आयोजन के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाज की सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सामुदायिक संवाद को सशक्त बनाते हैं।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, केंद्रीय महामंत्री यशवंत सिंह वर्मा, कोषाध्यक्ष जागेश्वर बघेल, राज प्रधान बलौदाबाजार श्रीमती सुनीता वर्मा, चिंताराम वर्मा (चंदखुरी), जगेश्वर प्रसाद वर्मा (रायपुर), अर्जुन राज, हरीराम वर्मा, हरिश्चंद्र वर्मा, रघुनंदन वर्मा सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जहां सामाजिक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर सकारात्मक चर्चा की गई।
suntimes 