IIIT रायपुर में डिजिटल गंदगी का खुलासा: छात्र ने AI से 36 छात्राओं की तस्वीरें बनाईं अश्लील, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कॉलेज इवेंट में खींची गईं असली तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से फेक बनाया; प्रबंधन ने सस्पेंड कर FIR दर्ज की, बिलासपुर से पकड़ा गया आरोपी

IIIT रायपुर में डिजिटल गंदगी का खुलासा: छात्र ने AI से 36 छात्राओं की तस्वीरें बनाईं अश्लील, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नवा रायपुर के भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में टेक्नोलॉजी का डरावना दुरुपयोग सामने आया है। यहां एक छात्र ने कॉलेज इवेंट और क्लास की 36 छात्राओं की असली तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से मॉर्फ कर 1000 से ज्यादा अश्लील फोटो बना दीं। पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है।

रायपुर।  राजधानी रायपुर के पास स्थित प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान IIIT नवा रायपुर एक शर्मनाक घटना से सुर्खियों में आ गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के छात्र सैय्यद रहीम ने कॉलेज इवेंट में छात्राओं की ली गई असली तस्वीरों को AI की मदद से अश्लील रूप में बदल दिया। पुलिस जांच में आरोपी के लैपटॉप, मोबाइल और पेन ड्राइव से करीब 1000 फेक तस्वीरें बरामद हुई हैं। इनमें उसकी क्लास और कॉलेज की 36 छात्राओं की फोटो शामिल हैं।

दोस्तों को दिखाईं फेक तस्वीरें

आरोपी ने ये तस्वीरें अपने कुछ दोस्तों को भी दिखाई थीं। दोस्तों से बात फैलकर छात्राओं तक पहुंची, तो उन्होंने तुरंत कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की। शुरू में कॉलेज ने मामले को आंतरिक स्तर पर निपटाने की कोशिश की और छात्र को सस्पेंड कर दिया, लेकिन जब खबर बाहर आई तो पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

कॉलेज ने गठित की विशेष जांच समिति

IIIT प्रशासन ने महिला स्टाफ की विशेष समिति गठित की है, जो सोशल मीडिया और डेटा लीक के पहलुओं की जांच करेगी। कॉलेज ने कहा है कि रिपोर्ट पुलिस के साथ साझा की जाएगी और दोषी पर सख्त कार्रवाई होगी।

आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

ASP दौलतराम पोर्ते ने बताया कि FIR दर्ज होने के बाद आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर जांच शुरू की गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है।

साइबर विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

साइबर क्राइम विशेषज्ञ मुकेश चौधरी ने बताया कि ऐसे एप्स का डेटा कई विदेशी सर्वरों पर सेव होता है, जिससे तस्वीरें इंटरनेट पर लीक होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि यह घटना AI के खतरनाक दुरुपयोग की चेतावनी है।

कानूनन सख्त सजा का प्रावधान

किसी की तस्वीर में छेड़छाड़ कर उसे अश्लील बनाना आईटी एक्ट की धारा 66, 67 और 67A के तहत अपराध है। इस पर तीन से पांच साल की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। यह गैर-जमानती अपराध है।