कबीर नगर में अवैध कचरा डंपिंग पर सख्ती: 3 दिन में सफाई का आदेश, प्रशासन हरकत में

मानवाधिकार आयोग की शिकायत के बाद पर्यावरण विभाग का औचक निरीक्षण, एनजीटी के निर्देशों का हवाला

कबीर नगर में अवैध कचरा डंपिंग पर सख्ती: 3 दिन में सफाई का आदेश, प्रशासन हरकत में

*राजधानी रायपुर के कबीर नगर मुक्तिधाम के पास फैले कचरे के ढेर को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग की पहल पर पर्यावरण विभाग ने मौके का निरीक्षण कर तीन दिन के भीतर कचरा हटाने का अल्टीमेटम जारी किया है।*

रायपुर। कबीर नगर क्षेत्र में लंबे समय से हो रही अवैध कचरा डंपिंग के मामले में आखिरकार प्रशासन सक्रिय हो गया है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग के प्रदेश महासचिव प्रदुमन शर्मा द्वारा की गई शिकायत के बाद पर्यावरण विभाग ने कबीर नगर मुक्तिधाम के सामने स्थित खुले मैदान का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि क्षेत्र में बड़ी मात्रा में घरेलू ठोस अपशिष्ट अवैध रूप से डंप किया गया है, जिससे आसपास के वातावरण और जन-स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में विचाराधीन प्रकरण और आयोग के हस्तक्षेप को ध्यान में रखते हुए नगर निगम को सख्त निर्देश दिए गए हैं। जोन क्रमांक-08 के स्वास्थ्य अधिकारी ने आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर पूरे कचरे का उठाव कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई पर प्रदुमन शर्मा ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में जीवन जीना हर नागरिक का मूल अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में सफाई नहीं हुई तो मामला और गंभीरता से उच्च स्तर पर उठाया जाएगा।

मौके पर नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी प्रवीण नाग, माणिक चंदेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।