भिलाई-चरोदा निगम का बजट पास: विकास और सुविधाओं पर फोकस

महापौर परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से मंजूरी, अब सामान्य सभा में अंतिम मुहर

भिलाई-चरोदा निगम का बजट पास: विकास और सुविधाओं पर फोकस

*नगर निगम भिलाई-चरोदा की महापौर परिषद ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को मंजूरी दे दी है। नागरिक सुविधाओं, साफ-सफाई और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तैयार बजट अब अंतिम स्वीकृति के लिए सामान्य सभा में पेश किया जाएगा।*

भिलाई-3। नगर निगम भिलाई-चरोदा में महापौर परिषद की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन महापौर कक्ष में किया गया, जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में महापौर निर्मल कोसरे, निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान परिषद के समक्ष प्रस्तुत बजट में शहर के समग्र विकास, बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्रमुखता दी गई है। परिषद के सदस्यों ने विभिन्न बिंदुओं पर सुझाव भी दिए, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए बजट में शामिल करने पर सहमति बनी।

विस्तृत चर्चा के बाद महापौर परिषद ने बजट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। अब इस बजट को अंतिम स्वीकृति के लिए सामान्य सभा में रखा जाएगा, जहां से पारित होने के बाद इसे लागू किया जाएगा।

महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि बजट में शहर के विकास और नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है, जिससे भिलाई-चरोदा को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।