‘गुंडा’ बनने के शौक में तलवार लहराता फिरा युवक, नंदिनी पुलिस ने भेजा जेल
राहगीरों को डराने तलवार लहराता रहा आरोपी — पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर मौके से पकड़ा, आर्म्स एक्ट के तहत भेजा जेल
दुर्ग। नंदिनी-अहिवारा क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक लोहे की तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर सड़क पर लोगों को डराने-धमकाने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान अमन समुद्रे (22 वर्ष) निवासी रावण भाठा, शंकर नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी गुंडागर्दी की छवि बनाने के शौक में ऐसा कर रहा था। वह अपने कुछ दोस्तों से मिलने नंदिनी-अहिवारा क्षेत्र आया था और वहां बीच सड़क पर तलवार लहराकर लोगों को भयभीत करने लगा।
पुलिस को दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि चंचल प्यूलस के पास, नंदिनी टाउनशिप क्षेत्र में एक युवक तलवार लहरा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का तलवारनुमा हथियार जब्त किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक इलाके में कुछ समय से अपनी दबंगई दिखाने की कोशिश कर रहा था। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को टाला जा सका।
suntimes 