छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में यलो अलर्ट, बलरामपुर बांध हादसे में दो लापता

सरगुजा-कोंडागांव समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान, कोरबा बांगो डैम के 8 गेट खोले गए, 32 गांवों में अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में यलो अलर्ट, बलरामपुर बांध हादसे में दो लापता

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने शनिवार को सरगुजा, कोंडागांव, रायगढ़, जशपुर और कोरबा समेत 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, बलरामपुर जिले में बांध फूटने से हुई त्रासदी में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग अब भी लापता हैं।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने लगा है। मौसम विभाग ने सरगुजा, बलरामपुर, कोरबा, जशपुर, रायगढ़, नारायणपुर और कोंडागांव समेत 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है। वहीं, अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हुई। लगातार बारिश की वजह से कोरबा जिले में मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 358.10 मीटर तक पहुंच गया है। जलभराव को देखते हुए बांध के 8 गेट खोल दिए गए, जिससे हसदेव नदी में 49 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। एहतियातन आसपास के 32 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।

इस बीच बलरामपुर जिले में बांध फूटने की घटना से जनहानि का सिलसिला जारी है। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मंगलवार देर रात हुए हादसे में चार घर पूरी तरह बह गए थे।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में 1 जून से 5 सितंबर तक औसतन 976.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सामान्य से 49% कम यानी 458.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि बलरामपुर में 1329.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 59% अधिक है। बस्तर और जगदलपुर में बारिश सामान्य स्तर पर बनी हुई है।