शिवनाथ नदी में गणेश विसर्जन की पुख्ता तैयारी
250 से अधिक प्रतिमाओं का होगा विसर्जन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की सख्त निगरानी
गणेश चतुर्थी के समापन अवसर पर जिले में शिवनाथ नदी के तट पर इस बार 250 से अधिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
दुर्ग। गणेश चतुर्थी विसर्जन को लेकर दुर्ग प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस वर्ष शिवनाथ नदी में 250 से ज्यादा गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाना है। जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि विसर्जन स्थल पर अगले 48 घंटों तक प्रशासनिक टीमें मुस्तैद रहेंगी। बड़ी प्रतिमाओं को सुरक्षित तरीके से जल में विसर्जित करने के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
नगर निगम की टीम भी लगातार निगरानी रखेगी। वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की विशेष टीम तैनात की गई है। सुरक्षा व्यवस्था पर जानकारी देते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि पूरे शहर में 250 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। विशेषकर शोभायात्रा के दौरान पुलिसकर्मी पैनी नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन करना सभी के लिए आवश्यक होगा।
suntimes 