ब्रजेश बिचपुरिया ने किया आनंद नगर में सड़क निर्माण का भूमि पूजन
भाजपा नेता ने विकास कार्यों की दी सौगात, पार्षद मुकेश अग्रवाल की अनुशंसा पर निगम ने दी मंजूरी
आनंद नगर की सड़क संख्या 10 पर सीसी रोड निर्माण का कार्य अब शुरू होने जा रहा है। गुरुवार को इस विकास कार्य का भूमि पूजन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ब्रजेश बिचपुरिया ने स्थानीय जनों की मौजूदगी में किया।
भिलाई। आनंद नगर क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या के समाधान की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। सड़क क्रमांक 10 पर सीसी रोड निर्माण के लिए पार्षद मुकेश अग्रवाल द्वारा निगम में की गई अनुशंसा को मंजूरी मिलने के बाद गुरुवार को भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ब्रजेश बिचपुरिया ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए भाजपा सरकार की विकासोन्मुख नीतियों और सुशासन की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। अपने उद्बोधन में श्री बिचपुरिया ने कहा कि भाजपा सरकार आनंद नगर के समग्र विकास के लिए संकल्पित है और जल्द ही क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों की योजनाएं भी अमल में लाई जाएंगी। उन्होंने पार्षद मुकेश अग्रवाल के सतत प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में आनंद नगर सोसाइटी के अध्यक्ष बिहारी लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल श्री वैष्णव, श्री शर्मा, श्री द्विवेदी, श्री नागपुरी, श्रीमती सोनी एवं श्रीमती परासर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे।
suntimes 