छत्तीसगढ़ में बढ़ी सर्दी.. दो दिन में चल सकती है शीतलहर, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
त्योहारी मौसम के समापन के साथ ही अब सर्दी ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में दिन के मुकाबले रातें अब ठंडी महसूस होने लगी हैं।
छत्तीसगढ़ में त्योहारी मौसम के समापन के साथ ही अब सर्दी ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में दिन के मुकाबले रातें अब ठंडी महसूस होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बीते कुछ दिनों में औसतन दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा ठंड अंबिकापुर में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब दो डिग्री कम है।
अंबिकापुर में तापमान 10.9 डिग्री पर पहुंचा
उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने मौसम में ठिठुरन बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, पेंड्रा रोड में 13 डिग्री और रायपुर में सामान्य से आधा डिग्री कम 17.3 डिग्री दर्ज किया गया। सिर्फ जगदलपुर में तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक है, जबकि बाकी जिलों में ठंड का असर साफ महसूस हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट जारी है।अगले दो दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, दिसंबर तक तापमान में लगातार गिरावट देखी जाती है। नवंबर में भी कई बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच जाता है। आमतौर पर जब तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे जाता है, तब शीतलहर की स्थिति बनती है।
suntimes 