छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर रायपुर आएंगे पीएम मोदी: मिलेगा नया विधानसभा भवन, कमिश्नरेट सिस्टम की सौगात

रजत जयंती वर्ष पर होगा भव्य आयोजन, सड़क-स्वास्थ्य-शिक्षा परियोजनाओं की भी देंगे सौगात; 5 साल में तैयार हुआ आधुनिक विधानसभा परिसर

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर रायपुर आएंगे पीएम मोदी: मिलेगा नया विधानसभा भवन, कमिश्नरेट सिस्टम की सौगात

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रायपुर में रजत जयंती समारोह का आयोजन होगा। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे और साथ ही रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं की भी सौगात देंगे।

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस इस बार खास बनने जा रहा है। राज्य के 25 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रायपुर में रजत जयंती वर्ष का भव्य आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक पल होगा, जब राज्य को कई नई सौगातें मिलेंगी।

सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी नवा रायपुर में बने आधुनिक विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। यह भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और राष्ट्रपति भवन की झलक इसके डिज़ाइन में देखने को मिलेगी। विधानसभा परिसर को आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर के रूप में विकसित किया गया है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री रायपुर में नए कमिश्नरेट कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। वे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं की भी सौगात देंगे। राज्य सरकार ने कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का भूमि पूजन 28 अगस्त 2020 को कांग्रेस सरकार के दौरान किया गया था। उस समय सोनिया गांधी और राहुल गांधी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे और भवन का नामकरण मिनी माता के नाम पर करने का निर्णय हुआ था। वहीं, 2023 में भाजपा सरकार बनने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने निर्माण की समीक्षा की और लगभग पांच साल में भवन तैयार हो चुका है। पीएम मोदी इससे पहले अप्रैल 2024 और मार्च 2025 में छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ चुके हैं। अब राज्योत्सव के अवसर पर उनका यह दौरा ऐतिहासिक होने जा रहा है।