ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बनी आग का कारण, सुपेला की कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग पर फायर टीम ने पाया काबू
राधिका नगर स्थित कबाड़ी दुकान में मची अफरा-तफरी, समय रहते पहुंची अग्निशमन टीम ने आसपास के इलाके को सुरक्षित बचाया
दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत राधिका नगर में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के चलते एक कबाड़ी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए कबाड़ में धधकने लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया।
सुपेला के राधिका नगर स्थित श्री परमानंद चंदेल की कबाड़ी दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पास स्थित ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण कबाड़ में आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से एक दमकल वाहन और टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन अग्निशमन कर्मियों ने बिना देर किए मोर्चा संभाला और लगातार प्रयास करते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया।
फायर टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आग को आसपास के दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। अभियान में अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव सहित कर्मचारी रामनाथ कुर्रे, संतोष कुमार, अनंत कुमार, भीषम, टिकेंद्र और जितेंद्र की अहम भूमिका रही।
suntimes 