“दुर्ग के इंदिरा मार्केट में युवक की निर्मम हत्या, पुलिस मामले की जांच में जुटी”

बाजार में मिली खून से सनी लाश, अज्ञात हमलावरों ने पत्थर से युवक की हत्या की; CCTV फुटेज खंगाली जा रही हैं

इंदिरा मार्केट के सब्जी बाजार में मंगलवार की रात एक युवक की खून से सनी हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छोटू के रूप में हुई, जो बाजार की दुकानों में काम किया करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा पूरा करने के बाद मर्चुरी में सुरक्षित रखा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग। स्थानीय सब्जी विक्रेता रामकुमार साहू के मुताबिक, छोटू रोज की तरह कल भी बाजार की दुकानों में काम करने के बाद फर्श पर सो गया था। आधी रात में अज्ञात व्यक्तियों ने उसके सिर पर पत्थर प्रहार कर हत्या कर दी। घटना स्थल पर कई बड़े-बड़े पत्थर बिखरे मिले, जो हमले में इस्तेमाल किए गए हो सकते हैं।

सुबह बाजार खुलते ही स्थानीय दुकानदारों ने सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और मर्चुरी में सुरक्षित रखा। सिटी कोतवाली पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारण और आरोपियों की पहचान का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना के समय से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।