दुर्ग में ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 4 और आरोपी गिरफ्तार

जामुल क्षेत्र में सक्रिय गिरोह का खुलासा, मोबाइल और नकदी जब्त; तकनीकी जांच से मिले सुराग

दुर्ग में ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 4 और आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई। ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। जामुल थाना क्षेत्र में सक्रिय संगठित सट्टा गिरोह के चार और सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 में छापेमारी कर सात आरोपियों को पकड़ा गया था। पूछताछ और मोबाइल डेटा की जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने भिलाई और रायपुर के विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान परमेश गेडाम, शिवा वैष्णव उर्फ समीर, मोहम्मद असलम और सत्यपाल पासवान के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया है कि ये आरोपी सट्टा संचालन के लिए यूजर आईडी उपलब्ध कराने, लेन-देन का हिसाब रखने और तकनीकी सहायता देने का काम करते थे। पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल फोन और 65 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अवैध गतिविधियों को संचालित कर रहे थे और लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय थे।

फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।