नीतीश के गढ़ में कांग्रेस का परचम, देवेंद्र यादव के नेतृत्व में हज़ारों शामिल

भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के नेतृत्व से प्रभावित होकर नालंदा में भाजपा और निर्दलीय खेमे से कांग्रेस में हुए शामिल, छोटे मुखिया के नेतृत्व में हुआ जनसमर्थन का बड़ा प्रदर्शन

नीतीश के गढ़ में कांग्रेस का परचम, देवेंद्र यादव के नेतृत्व में हज़ारों शामिल

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है, और कांग्रेस ने नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में दमदार दस्तक दी है। भिलाई नगर विधायक और कांग्रेस के तेजतर्रार नेता देवेंद्र यादव के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा व निर्दलीय पृष्ठभूमि के छोटे मुखिया ने अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। बिहारशरीफ में आयोजित इस ऐतिहासिक मिलन समारोह ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

भिलाई. भिलाई नगर विधायक और बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी देवेंद्र यादव अब छत्तीसगढ़ की सीमाओं से निकलकर बिहार की राजनीति में भी गूंजने लगे हैं। बुधवार को बिहारशरीफ स्थित राजेंद्र आश्रम में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने कांग्रेस संगठन को एक नई ऊर्जा दी।

कार्यक्रम के दौरान नालंदा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी कोषशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया ने अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली। यह कदम न केवल कांग्रेस के लिए बड़ी रणनीतिक सफलता है, बल्कि नीतीश कुमार के गृह जिले में उसकी उपस्थिति को भी मजबूत करता है।

राजगीर से लेकर बिहारशरीफ तक छोटे मुखिया और उनके समर्थकों ने पारंपरिक अंदाज में देवेंद्र यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल कांग्रेस कार्यालय में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे सभागार खचाखच भर गया।

सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने कहा –

"यह केवल सदस्यता ग्रहण नहीं बल्कि बदलाव की शुरुआत है। नालंदा जैसे रणनीतिक जिले से कांग्रेस को नए सिपाही मिल रहे हैं और हम हर विधानसभा सीट पर महागठबंधन के साथ मिलकर जीत दर्ज करेंगे।"

छोटे मुखिया ने कांग्रेस में शामिल होते ही स्पष्ट किया कि वे अब पार्टी के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। उन्होंने कहा –

"मेरे लिए यह गर्व की बात है कि देवेंद्र यादव स्वयं मुझे सदस्यता दिलाने आए। मैं जीवन भर उनके विश्वास को निभाने का प्रयास करूंगा।"

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी छोटे मुखिया के आगमन को "ऊर्जा और जनाधार का नया संगम" बताया।
पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि अगर नालंदा सीट कांग्रेस के खाते में आती है, तो छोटे मुखिया स्वाभाविक दावेदार होंगे।

पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय हों और पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाएं, खासतौर पर "माई बहन सम्मान योजना" जैसी योजनाओं को।

अंत में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि –

"देवेंद्र यादव जैसे जोशीले और जमीनी नेता के नेतृत्व में कांग्रेस नालंदा की सभी सीटों पर जीत की ओर बढ़ेगी।"

इस अवसर पर कई प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें सोशल मीडिया अध्यक्ष उदय शंकर कुशवाहा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रागिनी सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष फवाद अंसारी समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।