नेहरू नगर में 50 लाख की चोरी, सूने मकान को बनाया निशाना

शादी में गया था परिवार, ताला तोड़कर घुसे चोर; जेवर और नकदी लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

नेहरू नगर में 50 लाख की चोरी, सूने मकान को बनाया निशाना

दुर्ग के नेहरू नगर पश्चिम क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान में घुसकर करीब 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। परिवार के शादी समारोह में जाने का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

दुर्ग। शहर के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर पश्चिम में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल के बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने घर से बाहर गया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी में रखे हीरे, सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 1.40 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। कुल नुकसान करीब 50 लाख रुपये के आसपास बताया जा रहा है।

घटना का पता तब चला जब परिवार देर रात करीब 2 बजे वापस लौटा और घर का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत सुपेला थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

पुलिस प्रवक्ता सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।