विधायक संगीता बनी महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, चार महीने बाद जारी हुआ आदेश

विधायक संगीता बनी महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, चार महीने बाद जारी हुआ आदेश

महिला कांग्रेस के आदेश पर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, जनवरी में महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के लिए 5 लोगों का इंटरव्यू हुआ था। अब नियुक्ति आदेश में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष का जिक्र है।

करीब चार महीने के लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को अपना कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लंबा ने संजारी बालोद की विधायक संगीता सिन्हा की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। सिन्हा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गुट का माना जाता है। पत्रिका ने इसे लेकर 3 मई के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसमें इस बात का भी जिक्र था कि नियुक्ति नहीं होने की वजह से नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर महिला कांग्रेस की भूमिका लगभग शून्य है।

इसके दूसरे दिन नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। राष्ट्रीय महिला कांग्रेस के आदेश पर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, जनवरी में महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के लिए 5 लोगों का इंटरव्यू हुआ था। अब नियुक्ति आदेश में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष का जिक्र है। बता दें कि 5 जनवरी को महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की एक कमेटी की मौजूदगी में प्रदेश की पांच कांग्रेस नेत्रियों का साक्षात्कार हुआ।

इनमें बालोद विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक छन्नी साहू, लक्ष्मी ध्रुव, ममता चंद्राकर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा का नाम शामिल हैं। इनमें से कर्मा को राष्ट्रीय महिला कांग्रेस कार्यकारिणी में राष्ट्रीय सचिव के पद पर पहले ही मनोनीत किया जा चुका है। इसके बाद पूर्व विधायक छन्नी साहू और विधायक संगीता सिन्हा का नाम सबसे आगे चल रहा है। गुटबाजी की वजह से नामों पर मुहर नहीं लग पा रही थी।

दो बार रह चुकी हैं विधायक

संगीता सिन्हा कांग्रेस की जमीनी नेता मानी जाती हैं और वह बहुत ही सक्रिय हैं। उनका जन्म 6 फरवरी 1975 को हुआ था. वह धमतरी के शासकीय कॉलेज से पढ़ी हैं और दो बार से कांग्रेस की विधायक हैं। जब साल 2023 में प्रदेश में भाजपा की लहर चली थी। तब भी वह बालोद विधानसभा से जीतने में सफल रही थीं, तब उन्होंने भाजपा के राकेश कुमार यादव को पटखनी दी थी. संगीता को भूपेश बघेल के गुट का माना जाता है और उनकी करीबी मानी जाती हैं. उनके पति भैयाराम सिन्हा भी विधायक रह चुके हैं।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल से की मुलाकात

संगीता सिन्हा ने सोमवार शाम पूर्व सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात की। भूपेश बघेल ने बधाई मिलने पर उन्हें बधाई दी। भूपेश बघेल ने कहा- छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष, संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा जी से आज भिलाई निवास में भेंट हुई। इस अवसर पर नवीन दायित्व के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी। आधा आबादी को पूरा हक दिलाने की लड़ाई में आपका नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ऐसा हम सबको विश्वास है।