ब्रेकिंग न्यूज : रायपुर में गर्लफ्रेंड को लेकर चली गोली, पिता-पुत्र समेत चार गिरफ्तार
तेलीबांधा इलाके में विवाद के बाद 12 बोर बंदूक से दो बार फायरिंग, पुलिस ने पिस्टल-स्नाइपर समेत हथियार किए जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बहस के बाद बेटे ने पिता की मौजूदगी में 12 बोर की बंदूक से युवक पर दो बार फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। वारदात के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से पिस्टल, स्नाइपर, 12 बोर बंदूक और चाकू बरामद किया।
गर्लफ्रेंड को लेकर हुआ विवाद, गोलीबारी में बदल गया मामला
रायपुर SSP डॉ. लाल उम्मेद सिंह के अनुसार, ट्रांसपोर्टिंग व्यवसायी मदनजीत सिंह ने तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 5 मार्च को कर्णवीर और जसपाल के बीच गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद हुआ था। अगले दिन कर्णवीर के भाई प्रभजोत और जसपाल के बीच बातचीत तय हुई।
तेलीबांधा चौक पर तय हुई मुलाकात, बहस के बाद चली गोलियां
6 मार्च की शाम 7 बजे तेलीबांधा चौक स्थित सेकेंड-हैंड कार शोरूम 'कार सॉल्यूशन' में दोनों पक्ष मिले।
जसपाल के साथ उसके पिता जरनैल सिंह रंधावा उर्फ लाली, चाचा हरप्रीत सिंह और अन्य लोग मौजूद थे।
बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और गाली-गलौज शुरू हो गई।
इसी दौरान जरनैल सिंह ने मदनजीत पर पिस्टल तान दी और धमकाया।
जसपाल भी गुस्से में आ गया और कार से 12 बोर की बंदूक निकालकर फायरिंग कर दी।
मौके पर मौजूद हरप्रीत सिंह ने बंदूक की नली ऊपर कर दी, जिससे गोली किसी को नहीं लगी।
सीसीटीवी से खुलासा, 2 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंची।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान कर शहर में नाकेबंदी करवाई गई।
2 घंटे के भीतर अलग-अलग इलाकों से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने 1 पिस्टल, 12 बोर बंदूक, स्नाइपर और चाकू जब्त कर लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
तेलीबांधा पुलिस इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है।
आरोपियों से हथियारों के स्रोत और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।