महंगाई से राहत: सोना-चांदी के दाम गिरे, खरीदारी का मौका

24 कैरेट सोना ₹1 हजार गिरकर ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम

महंगाई से राहत: सोना-चांदी के दाम गिरे, खरीदारी का मौका

नई दिल्ली (ए)। सर्राफा बाजार में गुरुवार, 9 अप्रैल को सोने और चांदी की कीमतों में नरमी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना ₹1,000 घटकर ₹1,49,937 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जो एक दिन पहले ₹1.51 लाख के स्तर पर था। वहीं चांदी ₹8,000 की गिरावट के साथ ₹2,36,158 प्रति किलो पर पहुंच गई।

कैरेट के आधार पर सोने के दाम भी अलग-अलग स्तर पर दर्ज किए गए हैं। 22 कैरेट सोना ₹1,37,342, 18 कैरेट ₹1,12,453 और 14 कैरेट सोना ₹87,713 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

देश के प्रमुख शहरों में भी सोने के दाम लगभग समान रेंज में बने हुए हैं। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹1,51,630 प्रति 10 ग्राम पर है, जबकि मुंबई, कोलकाता और रायपुर में यह ₹1,51,480 के आसपास कारोबार कर रहा है। चेन्नई में कीमत थोड़ी अधिक होकर ₹1,52,730 प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, साल की शुरुआत में तेजी के बाद अब बाजार में मुनाफावसूली और वैश्विक परिस्थितियों का असर देखने को मिल रहा है। 29 जनवरी 2026 को सोना ₹1.76 लाख के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था, लेकिन अब यह करीब ₹26 हजार सस्ता हो चुका है।

चांदी में उतार-चढ़ाव और भी ज्यादा रहा है। जनवरी में ₹3.86 लाख प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अब इसकी कीमत ₹2.36 लाख रह गई है, यानी करीब ₹1.50 लाख की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

पिछले 70 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना और चांदी दोनों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। फरवरी और मार्च में गिरावट के बाद अब बाजार में हल्की रिकवरी के संकेत भी दिखाई दे रहे हैं।

सर्राफा विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा समय में कीमतों में गिरावट निवेश और खरीदारी के लिए अवसर बन सकती है, लेकिन बाजार की अनिश्चितता को देखते हुए सतर्कता जरूरी है।

सोना खरीदते समय ग्राहकों को BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही लेना चाहिए और खरीदारी से पहले विभिन्न स्रोतों से कीमत की पुष्टि करना जरूरी है। वहीं चांदी की शुद्धता जांचने के लिए मैग्नेट, आइस और क्लॉथ टेस्ट जैसे आसान तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है।