मुख्यमंत्री-गृहमंत्री ने दिया शहीद को कांधा:पूरा मुहल्ला भारत के लिए रोया...

मुख्यमंत्री-गृहमंत्री ने दिया शहीद को कांधा:पूरा मुहल्ला भारत के लिए रोया...

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने शहीद को कांधा दिया। रायपुर के रहने वाले भारत साहू 17 जुलाई को बीजापुर में हुए नक्सल हमले में शहीद हो गए थे। शुक्रवार को उनकी पार्थिव देह रायपुर लाई गई। माना में चौथी बटालियन पहुंचकर CM ने श्रद्धांजलि दी। बीजापुर जिले के तर्रेम में माओवादियों द्वारा किये आईईडी ब्लास्ट में भारत शहीद हुए। कंधा देकर ससम्मान भारत को उनके निवास रायपुर के मोवा के लिए रवाना किया गया। 

शहीद जब तिरंगे में लिपटा अपने मुहल्ले पहुंचा तो पूरे इलाके के लोगों की आंखें नम हो गईं। महिलाओं-पुरुषों की जमा भीड़ की आंखों में गम के आंसू थे मगर होठों पर पूरे जोश के साथ भारत माता के जयकारे, ये जयकारे राष्ट्र की मां और शहीद हुए भारत की मां के लिए भी था, जिसने अपने बेटे को नक्सल मोर्चे पर प्रदेश की रक्षा के लिए भेजा था।

लोग खुद ही घरों से निकलकर भारत की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। इलाके में दुकानें बंद रहीं। बड़ा जनसमूह शहीद के साथ था। नक्सलवाद मुर्दाबाद, भारत मां के लाल चले जैसे नारों से मोवा इलाका गूंज रहा था। नक्सलवाद के प्रति लोगांे में गुस्सा साफ महसूस किया जा सकता था। भारत के पिता रामाधार साहू ने दैनिक भास्कर को बताया कि मेरे बेटे के तीन बच्चे हैं। 2 साल का एक छोटा बेटा है, दो बेटियां हैं जो पांचवी और तीसरी कक्षा में पढ़ती हैं। उसकी पत्नी तो बात ही नहीं कर पा रही, वो सदमे मे है। इतना कहकर भारत के पिता भी चुप हो गए। भारत का परिवार रायपुर के मोवा में रहता था भारत STF में नक्सलियों से लड़ाई में सबसे आगे आकर लड़ने वाली टीम में थे।