मुख्यमंत्री साय ने ASP आकाश राव गिरपुंजे की शहादत पर जताया शोक, नक्सलियों को चेताया

कोंटा में हुए नक्सली हमले को बताया कायरतापूर्ण, कहा—शहीद की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी

मुख्यमंत्री साय ने ASP आकाश राव गिरपुंजे की शहादत पर जताया शोक, नक्सलियों को चेताया

सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में हुए नक्सली आईईडी हमले में ASP आकाश राव गिरपुंजे की शहादत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि यह हमला सुरक्षा बलों की बढ़ती सफलता से नक्सलियों की बौखलाहट का परिणाम है और इसका करारा जवाब दिया जाएगा।

रायपुर। सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए बम विस्फोट में ASP आकाश राव गिरपुंजे की शहादत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और पूरे राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।

मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं आकाश राव गिरपुंजे की शहादत को नमन करता हूँ। वे अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक थे। राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ है और हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।"

हमले में अन्य अधिकारियों और जवानों के घायल होने की खबर पर मुख्यमंत्री ने गहरी चिंता जताई और उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई चल रही है और सुरक्षा बल लगातार सफलताएं हासिल कर रहे हैं। इसी से बौखलाकर नक्सली इस तरह की कायराना हरकतें कर रहे हैं।

"नक्सली समझ लें कि अब उनका अंत निकट है। छत्तीसगढ़ की धरती से नक्सलवाद का सफाया तय है। यह युद्ध अंतिम मोड़ पर है और हमारी जीत सुनिश्चित है।" — मुख्यमंत्री ने कहा।

उन्होंने कहा कि आकाश राव गिरपुंजे जैसे बहादुर अधिकारी देश और प्रदेश की सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करते हैं, और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगा।