राजधानी में सख्ती: 6 प्रमुख मार्गों पर फ्लैक्स-बैनर पूरी तरह प्रतिबंधित

अनाधिकृत विज्ञापन लगाने पर हटाने के साथ लगेगा जुर्माना, नगर निगम ने शुरू की नियमित निगरानी

राजधानी में सख्ती: 6 प्रमुख मार्गों पर फ्लैक्स-बैनर पूरी तरह प्रतिबंधित

शहर की सुंदरता बनाए रखने और सड़कों को अव्यवस्थित विज्ञापनों से मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। राजधानी के छह प्रमुख मार्गों को नो-फ्लैक्स जोन घोषित करते हुए यहां किसी भी प्रकार के फ्लैक्स, बैनर और पोस्टर लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

राजधानी में साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत जीई रोड सहित शहर के छह प्रमुख मार्गों को नो-फ्लैक्स जोन घोषित किया गया है। अब इन सड़कों के डिवाइडर, बिजली खंभों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति किसी भी तरह का फ्लैक्स, बैनर, पोस्टर या अस्थायी विज्ञापन लगाना प्रतिबंधित रहेगा।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर अवैध फ्लैक्स और बैनर को तत्काल हटाया जाएगा। साथ ही नगर निगम अधिनियम और विज्ञापन नियमों के तहत संबंधित व्यक्तियों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। फ्लैक्स हटाने में आने वाले खर्च की वसूली भी विज्ञापन लगाने वाले से की जाएगी।

इन मार्गों को किया गया नो-फ्लैक्स जोन घोषित

शहर के जिन प्रमुख मार्गों को नो-फ्लैक्स जोन बनाया गया है, उनमें टाटीबंध चौक से जयस्तंभ चौक होते हुए तेलीबांधा थाना तक का जीई रोड, पचपेड़ीनाका चौक से लालपुर ओव्हरब्रिज तक का मार्ग, भगत सिंह चौक से छत्तीसगढ़ क्लब होते हुए केनाल रोड सिग्नल तक का क्षेत्र तथा मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइन के आसपास का इलाका शामिल है।

इसके अलावा एनआईटी रायपुर से गोल चौक होते हुए रायपुरा चौक तक, जयस्तंभ चौक से कोतवाली चौक होते हुए बिजली ऑफिस चौक तक तथा महिला थाना चौक से बूढ़ेश्वर मंदिर चौक तक के मार्ग को भी नो-फ्लैक्स जोन घोषित किया गया है।

एमआईसी से मिली मंजूरी

इन मार्गों को नो-फ्लैक्स जोन घोषित करने का प्रस्ताव मेयर इन काउंसिल के समक्ष रखा गया था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। निर्णय के बाद संबंधित मार्गों पर नो-फ्लैक्स जोन के सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि आम लोगों को नियमों की जानकारी मिल सके।

नियमित होगी निगरानी और कार्रवाई

नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों के नगर निवेश दल समय-समय पर सड़कों, बिजली खंभों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध पोस्टर, बैनर और होर्डिंग हटाने की कार्रवाई करते रहेंगे। इसके अलावा नगर निवेश की केंद्रीय टीम भी अलग से निगरानी करेगी और रोजाना अभियान चलाकर शहर को अव्यवस्थित विज्ञापनों से मुक्त रखने का प्रयास किया जाएगा।