रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोटों का जाल, पति-पत्नी गिरफ्तार

कलर प्रिंटर से छापे गए 500, 200 और 100 के नकली नोट पाटन और रानीतराई बाजार में व्यापारियों को बनाया निशाना 1.70 लाख रुपये से अधिक के नकली नोट जब्त

दुर्ग जिले के रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलाने के गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकली नोट छापकर बाजारों में खपाने वाले पति-पत्नी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली नोट और नोट छापने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।

थाना रानीतराई, जिला दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 29 दिसंबर 2025 को बाजार में व्यापारियों से लगातार शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान अरूण कुमार तुरंग तथा उसकी पत्नी राखी तुरंग को हिरासत में लिया गया।

प्रार्थी तुलेश्वर सोनकर (40 वर्ष), निवासी ग्राम सिलबट, थाना भखारा, जिला धमतरी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ रानीतराई बाजार में सब्जी बेचने आया था। शाम करीब 5:30 बजे एक पुरुष और महिला ने 60 रुपये का सामान खरीदकर 500 रुपये का नोट दिया। शेष राशि लौटाने के बाद नोट को गल्ले में रखा गया, लेकिन कुछ समय बाद अन्य व्यापारियों द्वारा नकली नोट चलने की सूचना मिलने पर जब जांच की गई तो नोट स्पर्श और देखने में ही संदिग्ध प्रतीत हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी दंपती ने रानीतराई बाजार के अलावा पाटन साप्ताहिक बाजार में भी नकली नोटों का चलन किया था। कई सब्जी विक्रेताओं और व्यापारियों से कम कीमत का सामान खरीदकर 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट दिए गए थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपी अरूण कुमार तुरंग ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने ऑनलाइन माध्यम से कलर प्रिंटर, फोटो कॉपी मशीन और पेपर मंगाया था। इन्हीं उपकरणों से असली नोटों की फोटो कॉपी कर नकली नोट तैयार किए गए, जिन्हें काटकर बाजारों में चलाया जा रहा था। आरोपी 5200 रुपये के नकली नोट लेकर रानीतराई बाजार गया था।

आरोपी के निवास स्थान ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर की विधिवत तलाशी में पुलिस ने कलर फोटो कॉपी मशीन, पेपर तथा 1,65,300 रुपये के नकली नोट बरामद किए। मौके से जब्त 5200 रुपये को मिलाकर कुल 1,70,500 रुपये के नकली नोट पुलिस ने जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 123/2025 धारा 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) वीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों से हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:

  • अरूण कुमार तुरंग (उम्र 50 वर्ष)
  • राखी तुरंग (उम्र 40 वर्ष)
  • निवासी – ग्राम सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर