शटर और ताला छोड़ दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर, दो गिरफ्तार
सोनम ज्वेलर्स से 10 लाख के सोने-चांदी के गहने किए थे पार, आसपास के कैमरों की फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
रायपुर में ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाने वाले चोरों ने चोरी के लिए अलग तरीका अपनाया। गुढ़ियारी के रामनगर में आरोपियों ने दुकान का शटर और ताला तोड़ने के बजाय पीछे की दीवार में सेंध लगाई और भीतर रखे लाखों रुपए के गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रायपुर। ज्वेलरी दुकान में चोरी की एक सुनियोजित वारदात का खुलासा करते हुए गुढ़ियारी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रामनगर के कर्मा चौक मेन रोड स्थित श्री लक्ष्मी विनायक और सोनम ज्वेलर्स को निशाना बनाया था। दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे आरोपियों ने सोने और चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक सुनील जैन को अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। शोकेस में रखे आभूषण भी नहीं थे। पड़ताल के दौरान पता चला कि चोर करीब दो से ढाई तोला सोने और दो किलो चांदी के गहने ले गए हैं। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 8 से 10 लाख रुपए बताई गई है।
खाली प्लॉट से दुकान तक पहुंचे थे आरोपी
दुकान के एक तरफ खाली प्लॉट होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने पीछे की दीवार में सेंधमारी की। इसके बाद वे दुकान के अंदर दाखिल हुए और चोरी कर निकल गए। घटना के बाद पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें नकाबपोश युवक की गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस ने आसपास के रास्तों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची। तकनीकी जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन दिन के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी दी जानी बाकी है।
suntimes 