श्री नारायण गुरु की 171वीं जयंती पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

श्री नारायण गुरु धर्म समाजम के तत्वावधान में हुआ आयोजन, पारंपरिक व्यंजन सामूहिक भोजन ने बढ़ाया उत्साह

श्री नारायण गुरु धर्म समाजम के तत्वावधान में रविवार को गुरु की 171वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक व्यंजन व सामूहिक भोज की विशेष व्यवस्था की गई।

भिलाई। शहर में रविवार को श्री नारायण गुरु की 171वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री नारायण गुरु धर्म समाजम एवं श्री श्री नारायण गुरु विद्या भवन के तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में केरल से आए मुख्य अतिथि मुस्तफा मौलवी ने गुरु के जीवन दर्शन और उनके सामाजिक संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्री नारायण गुरु ने समाज को समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया, जो आज भी प्रासंगिक है।

विद्यालय के विद्यार्थियों और उनके परिवारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और गीतों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर परंपरागत व्यंजन भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

आयोजन में शाम को राजू फादर की उपस्थिति रही, वहीं अय्यप्पा सेवा संघ के अध्यक्ष ई.के.एस. नायर भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गुरु की शिक्षाएँ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर श्री नारायण गुरु धर्म समाजम के महासचिव टी.यू. सुनील कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन उड़ान पर्व के सहयोग से हुआ और इसे समाजजनों ने उत्सव की तरह मनाया।