समरसता और आध्यात्मिक जागरण का संगम: 78वां निरंकारी संत समागम 31 से
समालखा (हरियाणा) में 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक दिव्य आयोजन, दुर्ग-भिलाई से 500 से अधिक श्रद्धालु रवाना
मानवता, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना का संदेश लिए निरंकारी मिशन का 78वां वार्षिक संत समागम आज से समालखा (हरियाणा) में आरंभ हो रहा है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम में दुर्ग-भिलाई से 500 से अधिक श्रद्धालु भाग लेने के लिए रवाना हो चुके हैं। इस वर्ष समागम की थीम "आत्ममंथन" रखी गई है, जो आत्म जागृति और मानव मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देती है।
भिलाई। जाति, धर्म और विचारधाराओं के वैचारिक विभाजन के इस दौर में संत निरंकारी मिशन मानवता, सद्भाव और आध्यात्मिक एकता का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पवित्र सान्निध्य में आयोजित 78वां वार्षिक निरंकारी संत समागम 31 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक हरियाणा के समालखा स्थित निरंकारी आध्यात्मिक स्थल में प्रारंभ हो रहा है।
इस वर्ष समागम की मूल भावना ‘आत्ममंथन’ पर केंद्रित है, जो आत्मचिंतन, नैतिक जागरूकता और मानव मूल्यों की पुनर्स्थापना हेतु प्रेरित करेगी।
दुर्ग-भिलाई ब्रांच के संयोजक सतपाल सैनी ने बताया कि इस आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल होने के लिए दुर्ग-भिलाई से 500 से अधिक श्रद्धालु रवाना हो चुके हैं। इनमें महिलाएं, पुरुष, युवा तथा सेवादल सदस्य शामिल हैं।
लगभग 650 एकड़ में फैले इस विशाल समागम परिसर में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। विदेशों से भी लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की पुष्टि हुई है।
समागम में श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना को ध्यान में रखते हुए सेवादल के लगभग एक लाख स्वयंसेवक विभिन्न व्यवस्थाओं में तैनात रहेंगे।
स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंध
समागम स्थल पर व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था की गई है—
8 एलोपैथिक एवं 6 होम्योपैथिक डिस्पेंसरियाँ
15 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र
1 कायरोप्रैक्टिक शिविर
120 बेड का अस्थायी अस्पताल
आपातकालीन सेवाओं हेतु एम्बुलेंस उपलब्ध
इसके साथ ही हरियाणा सरकार के सहयोग से 60 चेक पोस्ट सहित व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से भी हजारों श्रद्धालु इस पावन संगम में शामिल होने पहुँच चुके हैं। सहायक जनसंपर्क अधिकारी शंकर सचदेव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
suntimes 