सोशल मीडिया पर दोस्ती से शुरू हुई बात, ब्लैकमेलिंग और शोषण तक पहुंची

बिलासपुर में कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म, 40 अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल; गर्भ ठहरने पर कराया अबॉर्शन, आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर दोस्ती से शुरू हुई बात, ब्लैकमेलिंग और शोषण तक पहुंची

बिलासपुर। सूरजपुर के एक युवक ने सोशल मीडिया के जरिए बिलासपुर की कॉलेज छात्रा से दोस्ती कर पहले प्यार और फिर शादी का झांसा दिया। इसी बहाने उसने युवती से दुष्कर्म किया और उसके 40 अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। आरोपी ने इन तस्वीरों के सहारे छात्रा को ब्लैकमेल कर बार-बार शारीरिक शोषण किया। जब युवती गर्भवती हुई तो उसने धमकी देकर गर्भपात करवा दिया। अब युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

प्यार का वादा बन गया जाल

पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय पीड़िता कॉलेज की छात्रा है। सूरजपुर जिले के मानपुर निवासी साजिद अहमद (25) सरकंडा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई।

किराए के मकान में बनाया वीडियो

फरवरी 2025 में साजिद युवती को घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान में ले गया, जहां शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने चुपके से युवती के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका शोषण करता रहा।

ब्लैकमेलिंग से टूटी हिम्मत, मां को बताई बात

आरोपी ने युवती के करीब 40 अश्लील फोटो-वीडियो तैयार कर लिए थे और सोशल मीडिया पर फैलाने की धमकी देता था। जब पीड़िता गर्भवती हुई और उसने शादी के लिए कहा, तो साजिद ने उसे धमकाकर अबॉर्शन करवा दिया। इसके बाद भी वह उसे धमकाता रहा। मानसिक तनाव में आकर छात्रा ने आखिरकार अपनी मां को पूरी बात बताई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

10 अक्टूबर को छात्रा अपनी मां के साथ सरकंडा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 12 अक्टूबर को आरोपी साजिद अहमद को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।