स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर मुख्यमंत्री साय ने अर्पित की श्रद्धांजलि
राष्ट्रवाद, संस्कृति और समाजसेवा के प्रतीक को किया नमन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय जूदेव केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान के रक्षक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन धर्म, संस्कृति और समाज सेवा को समर्पित किया। उनके नेतृत्व में प्रारंभ हुआ ‘घर वापसी’ अभियान एक ऐतिहासिक सामाजिक आंदोलन बना, जिसने हजारों लोगों को उनकी मूल सनातन परंपरा से पुनः जोड़ने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए स्वर्गीय जूदेव ने आदिवासी समाज के सशक्तिकरण हेतु अथक संघर्ष किया। उनके प्रयासों से जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने समाज में राष्ट्रवादी चेतना के प्रसार में अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय जूदेव को "एक विचारधारा का प्रतीक" बताते हुए कहा कि उनकी दृढ़ता, निडरता और ओजस्वी नेतृत्व आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन न केवल राजनीति, बल्कि राष्ट्रसेवा और समाज उत्थान का एक आदर्श उदाहरण है।