हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की तारीख बदली, 12 फरवरी को होगा मतदान
चुनाव अधिकारी व अपीलीय समिति के गठन के बाद जारी हुआ संशोधित कार्यक्रम
प्रशासनिक समिति के अनुसार, पूर्व में घोषित चुनावी कार्यक्रम में चुनाव अधिकारी की नियुक्ति नहीं हो पाई थी। इसके साथ ही चुनाव से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए अपीलीय समिति का गठन भी नहीं किया गया था। इन्हीं कारणों से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम में बदलाव आवश्यक हो गया।
मुख्य व सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति
चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अधिवक्ता अनूप मजूमदार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं बी.एन. नंदे और शिशिर दीक्षित को सहायक निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विवाद निपटारे के लिए अपीलीय समिति गठित
चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार के विवाद के निराकरण के लिए तीन सदस्यीय अपीलीय समिति का गठन किया गया है। इसमें
अधिवक्ता सोमनाथ वर्मा, सुनील काले और डी.एन. प्रजापति को शामिल किया गया है।
नामांकन शुल्क दोबारा नहीं देना होगा
प्रशासनिक समिति ने स्पष्ट किया है कि जिन प्रत्याशियों ने पूर्व कार्यक्रम के तहत नामांकन शुल्क जमा कर दिया था, उन्हें दोबारा शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे प्रत्याशियों को राहत मिली है।
क्यों जारी करना पड़ा संशोधित कार्यक्रम
प्रशासनिक समिति के सदस्य राज अवस्थी और राजेश कुमार केशरवानी ने बताया कि तकनीकी औपचारिकताओं के अभाव में पहले घोषित कार्यक्रम को निरस्त करना पड़ा। चुनाव अधिकारी और अपीलीय समिति के बिना चुनाव कराना नियमसम्मत नहीं था, इसलिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया।
जानिए हाईकोर्ट बार चुनाव का नया कार्यक्रम
16 से 20 जनवरी – घोषणा पत्र जमा
21 जनवरी – प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन
22 और 23 जनवरी – दावा-आपत्ति
27 जनवरी – अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
28 से 30 जनवरी – नामांकन पत्र वितरण व जमा
31 जनवरी – नामांकन पत्रों की जांच
4 और 5 फरवरी – नाम वापसी
12 फरवरी (सुबह 10:30 से शाम 5:00 बजे तक) – मतदान
13 फरवरी – मतगणना एवं परिणाम
16 फरवरी – निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरण
suntimes 