हाईवे पर रील्स का खतरनाक शौक, चलती कार के सनरूफ से निकलीं युवतियां

बिलासपुर में NH पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, लापरवाही से कार चलाने वाले ड्राइवर की तलाश; नंबर प्लेट से होगी पहचान

हाईवे पर रील्स का खतरनाक शौक, चलती कार के सनरूफ से निकलीं युवतियां

सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का जुनून अब सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है। बिलासपुर में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चलती कार में दो युवतियों द्वारा सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में ड्राइवर भी तेज रफ्तार में कार को लहराते हुए चलाता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के करीब 4 से 4:30 बजे के बीच एक लापरवाही भरा नजारा देखने को मिला। चलती कार में दो युवतियां सनरूफ खोलकर बाहर खड़ी होकर मस्ती करती नजर आईं, जबकि वाहन चालक हाईवे पर कार को बार-बार लहराते हुए चला रहा था।

पूरी घटना का वीडियो पीछे चल रहे किसी वाहन सवार ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस के मुताबिक वीडियो में दिख रही कार का रजिस्ट्रेशन नंबर CG-10-BE-4400 है। नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्टंट बना सकता था हादसे का कारण

सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहन में इस तरह की हरकत बेहद खतरनाक हो सकती है। अचानक ब्रेक लगने या सड़क पर किसी बाधा आने की स्थिति में वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। ड्राइवर का लापरवाही से वाहन चलाना खतरे को और बढ़ा देता है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

पुलिस और यातायात विभाग लगातार सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश में कुछ लोग नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

इससे पहले भी रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर चलती BMW कार के सनरूफ से बाहर निकलकर युवती के डांस करने का वीडियो वायरल हुआ था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया था।

नंबर प्लेट से होगी कार्रवाई

ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि ऐसे मामलों में पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। इस मामले में भी कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और संबंधित लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।