होली से पहले सख्त एक्शन प्लान: पुलिस को बदमाशों की धरपकड़ और विजुअल पुलिसिंग के निर्देश

क्राइम मीटिंग में SSP शशि मोहन सिंह ने दी स्पष्ट चेतावनी—अपराध और अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस

होली से पहले सख्त एक्शन प्लान:  पुलिस को बदमाशों की धरपकड़ और विजुअल पुलिसिंग के निर्देश

रायगढ़। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने त्योहार से पहले असामाजिक तत्वों की पहचान कर प्रभावी धरपकड़ करने और विजुअल पुलिसिंग को नियमित रूप से लागू करने पर जोर दिया।

अनुविभाग स्तर पर पहले हो क्राइम रिव्यू

बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने निर्देश दिया कि जिला स्तरीय बैठक से पहले प्रत्येक अनुविभागीय अधिकारी अपने स्तर पर थाना प्रभारियों और विवेचकों की समीक्षा बैठक लें। गंभीर अपराधों की जांच की गुणवत्ता सुधारने और विवेचकों के मार्गदर्शन के लिए समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित करने को भी कहा गया।

त्योहार में गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

होली के मद्देनजर एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि शांति भंग करने वाले तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विजुअल पुलिसिंग के तहत बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

यातायात नियमों के उल्लंघन—जैसे तीन सवारी, ड्रिंक एंड ड्राइव—पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

ऑपरेशन शंखनाद और आघात को तेज करने के निर्देश

एसएसपी ने “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौवंश तस्करी पर विशेष निगरानी रखने और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। वहीं “ऑपरेशन आघात” के अंतर्गत अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ जिलेभर में अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा या देह व्यापार जैसी गतिविधियां संचालित नहीं होने दी जाएंगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

बीट सिस्टम मजबूत करने पर जोर

जिले में लागू बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक बीट प्रभारी को अपने क्षेत्र की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए गए। घटना, दुर्घटना या किसी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में लंबित अपराध, गुम इंसान, मर्ग और शिकायतों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

हिट एंड रन मामलों पर नियमित रिपोर्ट

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात डीएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से हिट एंड रन मामलों की नियमित समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

तकनीक का बढ़ेगा उपयोग

एसएसपी ने रेंज स्तरीय “सशक्त ऐप” का उपयोग बढ़ाकर चोरी के वाहनों को ट्रेस करने के निर्देश दिए। जिले के सीसीटीवी कैमरों को “त्रिनयन ऐप” से जोड़ने और अधिक से अधिक नागरिकों को “साइबर प्रहरी” से जोड़ने की पहल पर भी जोर दिया गया।

साथ ही थाने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से “अनुभव” गूगल फॉर्म के माध्यम से फीडबैक लेने तथा नए कानूनों के तहत रजिस्टरों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस की इस सख्ती से होली पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने की तैयारी की जा रही है।