खेल मैदान पर नहीं चलेगा बुलडोज़र: विधायक रिकेश सेन ने रुकवाई नीलामी, विकास के लिए 1 करोड़ की घोषणा
युवाओं की गुहार पर त्वरित कार्रवाई, संजय नगर मैदान रहेगा खेल के लिए सुरक्षित
भिलाई नगर, 19 फरवरी। वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर का विकास खेल सुविधाओं की कीमत पर नहीं होगा। संजय नगर तालाब के समीप स्थित खेल मैदान को व्यावसायिक उपयोग के लिए नीलाम करने की प्रक्रिया को उन्होंने तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया है। साथ ही मैदान के उन्नयन और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा भी की है।
एमआईसी प्रस्ताव पर शुरू हुई थी नीलामी प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा एमआईसी के प्रस्ताव के बाद मैदान को लीज पर देने के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी। जैसे ही यह मामला विधायक रिकेश सेन के संज्ञान में आया, वे तुरंत निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा कर प्रस्तावित नीलामी प्रक्रिया रोकने के निर्देश दिए।
“यह मैदान युवाओं की धरोहर है” — रिकेश सेन
विधायक सेन ने कहा कि संजय नगर क्षेत्र में यह एकमात्र प्रमुख खेल मैदान है, जहां बच्चे और युवा नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। ऐसे में इसे व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के लिए देना क्षेत्र के खेल भविष्य के साथ अन्याय होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि मैदान को किसी भी सूरत में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयोग नहीं करने दिया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है सार्वजनिक भूमि की हानि
श्री सेन ने चिंता जताई कि पूर्व में दक्षिण गंगोत्री सर्कस ग्राउंड जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक जमीनों के व्यावसायिक उपयोग के कारण शहर में मेलों, सांस्कृतिक आयोजनों और खेल प्रशिक्षण के लिए स्थान की कमी हो गई है। उन्होंने कहा कि संजय नगर के मैदान के साथ ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी।
मैदान के कायाकल्प के लिए 1 करोड़ की घोषणा
विधायक ने घोषणा की कि विधायक निधि अथवा प्रशासनिक मद से 1 करोड़ रुपये की राशि मैदान के विकास पर खर्च की जाएगी। इस राशि से बाउंड्री वॉल निर्माण, समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
संजय नगर के युवाओं ने विधायक को बताया कि कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है कि मैदान में कॉम्प्लेक्स निर्माण विधायक के निर्देश पर किया जा रहा है। इस पर श्री सेन ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया एमआईसी प्रस्ताव के तहत शुरू हुई थी। उन्होंने दुर्ग पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही है।
क्षेत्रवासियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर
विधायक के इस फैसले से स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों और रहवासियों में उत्साह है। सभी ने इसे जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय बताया है। विधायक ने दोहराया कि विकास जरूरी है, लेकिन खेल मैदानों की बलि देकर नहीं।
suntimes 