तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत

भिलाई-3 में प्रीमियम वाइन शॉप के पास दोपहर में हादसा; पति व दो साल का मासूम घायल, चालक वाहन सहित फरार

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत

राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ओवरटेक कर आगे निकल रही कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो वर्षीय बच्चा घायल हो गए।

भिलाई। घटना दोपहर करीब 2 बजे भिलाई-3 क्षेत्र में प्रीमियम वाइन शॉप के पास हुई। जानकारी के अनुसार दुर्ग निवासी दंपति अपने दो साल के बच्चे के साथ बाइक क्रमांक सीजी 07 सीएन 5190 से रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने ओवरटेक करते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। बाइक चालक ने हेलमेट पहना था, जिससे उसे गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन महिला के सिर पर हेलमेट नहीं होने के कारण उसे गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पति और बच्चा अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल पति और मासूम बच्चे को तत्काल सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

समाचार लिखे जाने तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दंपति दुर्ग के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार चालक और वाहन की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।