अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 63 लाख से अधिक का सोना-नकदी बरामद

मेरठ से दो आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग-भिलाई समेत कई शहरों की चोरी की वारदातों का खुलासा

दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना और लाखों रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में दुर्ग-भिलाई, नवा रायपुर और बिलासपुर में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

दुर्ग। लंबे समय से शहर और आसपास के इलाकों में हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उत्तरप्रदेश के मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 400 ग्राम सोना और 3 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 63 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान Hasim Khan और Salim Khan के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं और लंबे समय से संगठित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने दुर्ग-भिलाई के अलावा नवा रायपुर और बिलासपुर में भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने चोरी का सोना खरीदने वाले एक ज्वेलर्स संचालक को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच के दौरान सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस टीम मेरठ पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई में मेरठ और भोपाल पुलिस का भी सक्रिय सहयोग मिला। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम रवाना कर दी गई है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।