अविनाश अग्रवाल का रिकॉर्ड कायम: CCDA के महासचिव पद पर लगातार पाँचवीं बार जीत
प्रदेशभर के केमिस्टों का फिर जताया भरोसा, दुर्ग इकाई के शानदार आयोजन की हुई सराहना
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (CCDA) के हाल ही में सम्पन्न हुए चुनाव में दुर्ग के वरिष्ठ दवा व्यवसायी अविनाश अग्रवाल ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए महासचिव पद पर लगातार पाँचवीं बार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने उन्हें संगठन के सबसे सफल नेताओं में शामिल कर दिया है।
अविनाश अग्रवाल की इस जीत को प्रदेशभर के दवा व्यापारियों के विश्वास और उनके नेतृत्व की स्वीकार्यता के रूप में देखा जा रहा है। अपने पिछले कार्यकालों के दौरान उन्होंने दवा व्यवसायियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और शासन-प्रशासन के समक्ष उनकी आवाज़ को प्रभावी ढंग से रखा। साथ ही संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस चुनाव के सफल आयोजन में दुर्ग जिला इकाई का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। जिला सचिव दीपक बंसल और उनकी टीम ने उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन और व्यवस्थापन का परिचय देते हुए आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया।
वहीं, चुनाव अधिकारी सुधीर अग्रवाल ने पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया। उनकी कार्यशैली की उपस्थित सदस्यों ने खुलकर प्रशंसा की।
चुनाव के दौरान की गई व्यवस्थाओं, अनुशासन और आतिथ्य ने प्रदेशभर से आए केमिस्टों और पदाधिकारियों को प्रभावित किया। दुर्ग इकाई की मेहमाननवाजी और कार्यकुशलता की सभी ने सराहना की।
अपनी जीत के बाद अविनाश अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी नहीं, बल्कि पूरे संगठन की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ दवा व्यापारियों के हितों के लिए कार्य करते रहेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
suntimes 