आपसी रंजिश में 2 भाइयों को मारा चाकू,आंतें निकली बाहर......दुर्ग पुलिस ने देर रात की छापेमारी, 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 में रविवार देर रात दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के दो भाइयों पर कटर से हमला कर दिया। जिससे एक युवक की आंतें बाहर आ गईं। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि, रात 12 बजे उन्हें सूचना मिली की शास्त्री नगर साक्षरता चौक कैंप-1 में कुछ लोगों के बीच काफी विवाद हुआ है। कटर भी चला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि, प्रतीक वासनिक पिता अनूप वासनिक के पेट में कटर लगने से आंतें बाहर आ गईं। प्रतीक को बचाने के लिए उसका भाई आया तो आरोपियों ने उसे भी कटर मार दिया। दोनों घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत में एक को बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया है।
शास्त्री नगर निवासी प्रतीक ने बताया कि, देर रात पुरानी रंजिश को लेकर शास्त्री नगर बुद्ध विहार निवासी शेरू, चरनू और राकेश सहित चार लड़के आए। आते ही वो लोग गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। प्रतीक को मारता देख उसका भाई भी आया। भीड़ बढ़ती देख आरोपियों ने दोनों भाइयों को चाकू मारा और भाग गए।
इससे पहले की आरोपी भागते छावनी थाना प्रभारी खुद पेट्रोलिंग में निकले। उन्होंने सूचना के आधार पर रात 3 बजे तक अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इसमें एक आरोपी जिम के अंदर ताला लगाकर सो गया था। उसे वहां से पकड़ा गया। बाकी तीन आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया है। जिसमें पुरुषोत्तम यादव, चरनू, राकेश साहू और तुषार निर्मलकर शामिल है।