उत्तरप्रदेश से अपहृत नाबालिग को सूरजपुर पुलिस ने किया सकुशल बरामद, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

तकनीकी सहायता से अपहरण का सुराग, सूरजपुर पुलिस की तत्परता से आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, पास्को समेत कई धाराओं में मामला दर्ज

उत्तरप्रदेश से अपहृत नाबालिग को सूरजपुर पुलिस ने किया सकुशल बरामद, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

सूरजपुर जिले की प्रेमनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तरप्रदेश के लखनऊ से अपहृत नाबालिग बालिका को बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों की शिकायत पर की गई त्वरित कार्यवाही, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों के चलते यह सफलता हाथ लगी।

सूरजपुर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री परीक्षा देने घर से निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास खोजबीन की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक रूप से गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज की, इसके बाद अपहरण की धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो एवं एसडीओपी नरेन्द्र सिंह पुजारी के निर्देशन में प्रेमनगर पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता से जांच की गई। इस दौरान पता चला कि बालिका को लखनऊ, उत्तरप्रदेश ले जाया गया है।

इसके बाद पुलिस टीम तत्काल लखनऊ रवाना हुई। वहां गहन पड़ताल और तकनीकी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी साहिल उर्फ अमन (उम्र 22 वर्ष, निवासी लखनऊ) को गिरफ्तार किया तथा नाबालिग बालिका को उसके कब्जे से बरामद कर सूरजपुर लाया गया।

आरोपी के विरुद्ध जांच में आगे बढ़ते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 को भी जोड़ा है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेमनगर विराट विशी, एएसआई रंजीत सोनवानी, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा, आरक्षक रौशन सिंह, नागेन्द्र प्रसाद राजवाड़े, बृजेश काशी, महिला आरक्षक सिंधू कुजूर और अंजू सिंह की सक्रिय भूमिका रही।